
5 जून विश्व पर्यावरण दिवस पर होगा मकरोनिया-झांसी मार्ग के रेलवे गेट नं.-28 के बहुप्रतीक्षित आरओबी का लोकार्पण,जनता को समर्पित किया जाएगा
सागर/04.05.2025
*7 वर्षों की लंबी प्रतीक्षा के बाद मकरोनिया-झांसी मार्ग के रेलवे गेट नं.-28 के बहुप्रतीक्षित आरओबी का 5 जून को विश्व पर्यावरण, गंगा दशहरा, गायत्री जयंती एवं महर्षि गालव अवतरण दिवस की पावन तिथियों पर लोकार्पण होगा, इस निर्माण को जनता को समर्पित किया जाएगा।
नरयावली विधायक इंजी.प्रदीप लारिया ने बडे़ हर्ष के साथ इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए कहा कि लंबी प्रतीक्षा के बाद निर्माण पूर्ण होने की खुशी एक विशेष भावना है। यह खुशी, उपलब्धि की भावना के साथ- साथ,भविष्य की योजना के लिए एक उत्साह भी लाती है। यह खुशी, संघर्ष और मेहनत के फल की तरह होती है।
5 जून को आरओबी के लोकार्पण के पश्चात इस मार्ग के दोनों ओर जनप्रतिनिधियों एवं जनता की सहभागिता से वृहद वृक्षारोपण किया जाएगा। लंबे इंतजार के बात मिली इस उपलब्धि को आनंदोत्सव के साथ चिरस्मरणीय बनाया जाएगा।
इस आरओबी के शुभारंभ होने से नरयावली विधानसभा क्षेत्र के साथ जिले सहित अन्य राज्यों में यह आरओबी सहज पहुंच की जीवन रेखा सिद्ध होगी, जिससे लोगों को गन्तव्य तक पहुंचने में कम दूरी तय करनी पड़ेगी जिससे उनके बहुमूल्य समय एवं अर्थ की बचत होगी।
ज्ञात हो कि विगत 7 वर्षों में इस आरओबी के निर्माण के लिए नरयावली विधायक लारिया ने लगातार अनेकों बार केंद्रीय, प्रादेशिक, सेतु निर्माण एवं जबलपुर रेलवे मंडल प्रबंधक से इस कार्य को गति प्रदान कराने,पूर्ण कराने का लंबा संघर्ष किया। इस आरओबी निर्माण में आ रही बाधाओं और अवरोधों को समय-समय पर निराकरण कराया।